बांदा/बड़ोखर बुजुर्ग। गिरवां थाना की नाकतले जिला पंचायत सदस्य के पति के निजी अस्पताल से ताला तोड़कर चोर 60 हजार रुपये नगद पार कर ले गए। उधर, जिला अस्पताल में ड्यूटी कर रहे चिकित्साधिकारी के कमरे की आलमारी से 25 हजार रुपये चोरी हो गए। गिरवां थाना से चंद कदम दूर बड़ोखर बुजुर्ग गांव में खुरहंड रोड के पास जिला पंचायत सदस्य नीलम त्रिपाठी के पति डा.अनिल त्रिपाठी का निजी अस्पताल है। मंगलवार की रात चोरों ने ताला काट कर दराज में रखे 60 हजार रुपये पार कर दिए। थानाध्यक्ष विवेक प्रताप सिंह ने मौका मुआयना किया। थाने में तहरीर दी गई है। उधर, जिला अस्पताल में बुधवार की रात ड्यूटी कर रहे चिकित्साधिकारी डा.विनीत सचान के विश्राम कक्ष की अलमारी का ताला तोड़कर 25 हजार रुपए व कुछ अन्य सामान चोरी हो गया। अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरी की यह घटना रिकार्ड नहीं हो सकी। कोतवाली प्रभारी डीपी तिवारी ने घटना की जानकारी न होने की बात कही। उधर, सीएमएस डॉ.किशोरी लाल ने बताया कि उन्हें ऐसी किसी घटना की जानकारी नहीं है।