बांदा। बबुली कोल गैंग द्वारा मजदूरों को पीटकर उनके मोबाइल छीनने और पीडब्ल्यूडी द्वारा बनवाई जा रही सड़क निर्माण का काम बंद करा देने के मामले में फतेहगंज थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने की गेंद चित्रकूट जनपद पुलिस के पाले में डाल दी है।
कहा है कि घटनास्थल चित्रकूट जनपद के भरतकूप थाना क्षेत्र में है। उधर, बघोलन तिराहे पर शहीद स्मारक के पास राजा उपाध्याय व घनश्याम उपाध्याय के घर पर उसी रात की गई गोलीबारी के मामले में फतेहगंज थाना पुलिस ने दो लोगों के विरुद्ध 504, 506 व 427 आईपीसी की एनसीआर दर्ज की है।
गुरुवार को तड़के चित्रकूट जनपद की सीमा में कोल्हौंआ जंगल में बनाई जा रही सड़क पर धावा बोलकर आधा दर्जन से ज्यादा मजदूरों को पीटकर काम बंद करा दिया था। इनके मोबाइल छीनकर पांच लाख रुपये की चौथ भिजवाने का संदेश दिया था। दो दिन से बांदा जनपद का कई दिन से फोर्स जंगल में कांबिंग भी कर रहा है। उधर, भरतकूप के आपरेशन पोस्ट प्रभारी तपेश मिश्रा का कहना था कि रिपोर्ट कर्वी कोतवाली में दर्ज होती है। वहीं पता कीजिए। उधर, सड़क ठेकेदार ने कहा है कि डकैतों का कोई फोन नंबर उसे नहीं दिया गया है। ठेकेदार ने दोहराया कि बिना सुरक्षा व्यवस्था के वह सड़क निर्माण नहीं करेगा।
उधर, बघोलन गांव निवासी माधुरी उपाध्याय पत्नी राजा उपाध्याय ने फतेहगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 7 फरवरी को तड़के साढ़े 3 बजे पड़ोसी नंदू पटेल का दामाद लवलेश पटेल (मनोहरगंज, चित्रकूट) और कोदूराम पुत्र गोरेलाल तथा लवकुश खैरगर पुत्र किशोरीलाल (बघोलन) ने उसका दरवाजा खुलवाना चाहा। न खोलने पर फायर किए। घर छोड़कर चले जाने की धमकी दी। उसके देवर पर भी तीनों ने फायर झोंक दिया। पुलिस ने लवलेश पटेल, कोदूराम और लवकुश खैरगर के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली।