नरैनी/बांदा। बाइकों की आमने-सामने हुई जबरदस्त टक्कर में दोनों के चालकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बाइक सवार एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। आठ वर्षीय बालिका को भी चोटें आईं। घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है। दोनों ही बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए थे। घटना मंगलवार को शाम की है। नरैनी कोतवाली क्षेत्र के शंकर बाजार (पुकारी) गांव का शिवदयाल सोनी (52) पुत्र माता दयाल अपनी पत्नी राजकुमारी (50) को बाइक पर बैठाकर बांदा से गांव लौट रहा था। गिरवां थाना क्षेत्र के बांसी गांव के पास दूसरी दिशा से आ रही एक अन्य तेज रफ्तार बाइक उसकी बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शिवदयाल सहित दूसरी बाइक चालक राजबहादुर उर्फ छोटे भइया (24) पुत्र सनेही की कुछ ही देर बाद वहीं मौत हो गई। छोटे भइया छतरपुर जनपद के गोयरा थानांतर्गत कंदैला गांव का रहने वाला था। शिवदयाल की पत्नी को भी सिर में गंभीर चोटें आईं। दूसरी बाइक पर बैठा 8 वर्षीय बालक दूर जा गिरा और उसके हाथ-पैर व चेहरे पर चोटें आईं। गिरवां थाना पुलिस ने एंबुलेंस से दोनों शवों को मेडिकल कालेज और घायलों को नरैनी सीएचसी भेजा। यहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।