बदौसा। लकड़ी का गट्ठर लेकर चेकडैम पार कर घर जा रही महिला की डूबकर मौत हो गई। दो घंटे की मशक्कत के बाद घटनास्थल से कुछ दूरी पर शव बरामद कर लिया। 24 घंटे में डूबकर मौत होने की दूसरी घटना है।
फतेहगंज थाना क्षेत्र के कंदोहरा (खेरिया) गांव की राजाबेटी (40) पत्नी बाबूलाल वर्मा शुक्रवार को शाम जंगल से लकड़ी का गट्ठर लेकर घर लौट रही थी। बंदरहा नाले को पार करते समय पैर फिसलने से वह बारिश में उफनाए चेकडैम के गहरे पानी में डूबकर लापता हो गई।
देर शाम तक उसके घर न पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। चेकडैम के ऊपर रपटे पर जलाऊ लकड़ी का गट्ठर मिलने पर पति ने उसके डूबने की आशंका जताकर तलाश शुरू कर दी। घटना की सूचना पाकर गांव के अन्य लोग घटनास्थल आ गए। दो घंटे की तलाश के बाद पति ने पड़ोसी युवकों की मदद से राजाबेटी का शव घटनास्थल के नजदीक चेकडैम से बरामद कर लिया।
उधर, पति के मुताबिक पत्नी तैरना नहीं जानती थी। चेकडैम के गहरे पानी में डूब जाने से उसकी मौत हो गई। ग्राम प्रधान पंकजेंद्र तिवारी ने बताया कि परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर शव का अंतिम संस्कार कर दिया। गौरतलब है कि तिंदवारी थाना क्षेत्र के माचा गांव में वृद्ध किसान की उसरा नाले में डूबकर मौत हो गई थी। उसका शव परिजनों ने घटनास्थल से 20 किलोमीटर दूर यमुना नदी से बरामद किया था।
-लकड़ी का गट्ठर लेकर लौट रही थी, दो घंटे बाद मिला शव
-परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना शव का अंतिम संस्कार कर दिया
अमर उजाला ब्यूरो