बांदा। तिंदवारी ब्लाक के निवाइच ग्राम प्रधान द्वारा खड़ंजा निर्माण में की गई धांधली की शिकायत पर सीडीओ ने तिंदवारी बीडीओ को जांच कर सप्ताह भर में आख्या मांगी है।
निवाइच गांव के महावीर ने आईजीआरएस के जरिए डीएम व मुख्यमंत्री शिकायत की थी कि पूर्व प्रधान ने गांव में संजय सिंह के दरवाजे से अमर सिंह के घर तक और बसंता के घर से लल्लू सोनकर के दरवाजे तक खडंजा लगवाया था। ये अभी भी पूरी तरह सही सलामत हैं। लेकिन मौजूदा प्रधान ने दोनों रास्तों के खड़ंजे उखड़ा दिए।
निकाली गई ईटों का कहीं पता नहीं है। ग्राम पंचायत के बजट से नई ईंटे खरीदकर लगाई जा रही हैं। मानकों की अनदेखी की जा रही है। डीएम के निर्देश पर सीडीओ ने जांच तिंदवारी बीडीओ रजनीश कुमार शुक्ला को सौंपी है। उन्होंने स्थलीय व भौतिक सत्यापन कर सप्ताह में आख्या देने को कहा है। ब्यूरो