एटीएम खातों से 1.36 लाख की ठगी
- फोटो : अमर उजाला
नरैनी। खुद को स्टेट बैंक का शाखा प्रबंधक बताकर एटीएम का सीरियल नंबर हासिल करने के बाद दो एटीएम कार्डधारकोें के खाते से 1.36 लाख रुपये की शापिंग कर ली गई। पुलिस साइबर क्राइम को रोक पाने में नाकाम साबित हो रही है। पूर्व में भी हुई ऐसी घटनाओं का अब तक कोई खुलासा नहीं हुआ है।
कोतवाली क्षेत्र के पनगरा गांव निवासी प्रदीप कुमार साहू ने बताया कि दो दिन पहले उसके फोन पर खुद को स्टेट बैंक का शाखा प्रबंधक बताते हुए किसी ने कहा कि उसका एटीएम लाक कर दिया गया है। खोलने के लिए सीरियल नंबर बताएं।
झांसे में आकर एटीएम का सीरियल नंबर बता दिया। तीन मार्च को उसके खाते से 17 बार में 81,499 रुपये की आनलाइन खरीद कर ली गई। अगले दिन कस्बा निवासी इरफान खां भी ऐसी ही ठगी का शिकार हुआ। उससे भी एटीएम का सीरियल नंबर पूछकर चार मार्च को खाते से 55,057 रुपये की आनलाइन शापिंग कर ली गई।
छह माह पूर्व पठकन टोला निवासी रघुवंश किशोर के बैंक खाते से भी 25 हजार रुपये की खरीद की गई थी। सभी घटनाओं की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। पीड़ितों का कहना है कि पुलिस साइबर क्राइम रोकने और पता लगाने में नाकाम है।