बांदा। खेत में भाई को खाना देने गया युवक घर नहीं लौटा। तड़के ग्रामीणों ने देखा तो वह घर के पास सड़क पर पड़ा था। भाई उसे लेकर अस्पताल पहुंचा, वहां उसकी मौत हो गई। परिजनों ने पत्नी से विवाद होने पर शराब के नशे में जहर खाने की आशंका जताई है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के बिलबई मौदहा गांव निवासी कल्लू (24) बुधवार की रात को अपने भाई को भोजन देने के लिए खेत गया था। इसके बाद वह खेत से घर जाने के लिए वहां से निकला। वह अपने घर नहीं पहुंचा और रास्ते में ही अचेत होकर गिर गया। रात भर कल्लू वहीं पड़ा रहा।
गुरुवार को भोर खेत की फसल काटने जाने के लिए निकले ग्रामीणों ने देखा तो कल्लू को पहचान लिया और उसके भाई को सूचना दी। मौके पर पहुुंचे भाई अवधेश ने कल्लू को बेहोशी हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां उसकी मौत हो गई। अवधेश ने बताया कि कल्लू नशे का आदी था। उसका पत्नी से अक्सर विवाद भी होता रहता था।
आशंका जताई कि पत्नी से विवाद हो जाने के बाद जहर खाकर कल्लू ने खुदकुशी कर ली। मृतक के एक पुत्र है। घर में पत्नी भोलिया है। देहात कोतवाली इंस्पेक्टर सुखराम सिंह ने बताया कि कल्लू शराब पीने का आदी था। घरेलू विवाद के चलते खुदकुशी करने की बात कही जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।