बांदा। कमिश्नर बालकृष्ण त्रिपाठी की अध्यक्षता में आयुक्त कार्यालय सभागार में मंडलीय विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं के समय स्कूलों के आसपास के क्षेत्रों में बिजली कटौती न की जाए। प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना में प्रगति की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारियों महोबा एवं बांदा को आवास निर्माण कार्यों में तेज गति से प्रगति लाने केे निर्देश दिए। उन्होंने जल-जीवन मिशन के अंतर्गत खोदी गई सड़कों को हर हाल में इस माह बनवाने की बात कही।
शौचालयों के निर्माण चित्रकूट में प्रगति लाने के साथ जीओ टैगिंग का कार्य शत् प्रतिशत रूप से पूर्ण कराए जाने की बात भी कही। उन्होंने सेतुओं के निर्माण कार्य एवं सड़क मरम्मत के कार्यों की समीक्षा करतेे हुए चित्रकूट में सड़क मरम्मत का कार्य तेज गति से गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराए जाने के निर्देश दिए। हमीरपुर में बालिका शिशु सहायता योजना के कार्य को पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी ग्राम सचिवालयों में लेखपाल एवं सचिव का नाम व मोबाइल नंबर अंकित कराए जाने की भी बात कही। ऑपरेशन कायाकल्प एवं निपुण भारत के अंतर्गत निपुण स्कूल बनाए जाने में हमीरपुर एवं महोबा के अधिकारियों से नाराजगी जाहिर की।
मंडलायुक्त ने आजीआरएस पोर्टल के अंतगर्त पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के प्रकरणों का समय से गुणवत्तायुक्त निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि पुराने आवेदन लंबित नही रहने पाए तथा वृद्धावस्था पेंशन में शत्-प्रतिशत फीडिंग किए जाने के साथ नए आवेदनों को भी शीघ्र स्वीकृत करने की बात कही।
बैठक में जिलाधिकारी बांदा श्रीमती दुर्गा शक्ति नागपाल, जिलाधिकारी चित्रकूट श्री अभिषेक आनंद, जिलाधिकारी हमीरपुर राहुल पांडे, जिलाधिकारी महोबा मृदुल चैधरी, अपर आयुक्त प्रशासन अमर पाल सिंह, संयुक्त विकास आयुक्त अनिल कुमार सहित मंडल के अन्य जनपदों के मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी व मंडलीय अधिकारी रहे।