पैलानी। क्षेत्र के अलोना गांव में चार अरब आठ करोड़ की लागत से अवाडा कंपनी ने 70 मेगावाट क्षमता का सोलर पावर प्लांट तैयार किया है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री ने इस प्लांट का वर्चुअल लोकार्पण किया। अब जनपद में पैलानी क्षेत्र में बिजली की समस्या दूर होगी। इससे पांच सौ लोगों को रोजगार मिलेगा।
जनपद मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर अलोना गांव में में आवाडा इंडसोलर लि. ने 408 करोड़ की लागत से सोलर पैनल प्लांट तैयार किया है। यह 270 एकड़ में फैला है। जून 2023 में इसका निर्माण शुरू कराया गया था। 13 फरवरी को यह प्लांट बनकर तैयार हो गया था। शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोलर पैनल प्लांट का वर्चुअल लोकार्पण किया। उनका कार्यक्रम एलईडी पर दिखाया गया। कंपनी उपभोक्ताओं को अब तीन से 3.50 रुपये प्रति यूनिट की दर से बिजली उपलब्ध कराएगी। इस प्लांट से 500 लोगों को रोजगार मिला है।
अधिकारियों के मुताबिक अब तक 85319000 यूनिट बिजली का उत्पादन किया जा चुका है। लखनऊ में सोलर प्लांट के लोकार्पण में ऊर्जा मंत्री एके शर्मा, राज्य मंत्री सेमोंद्र तोमर, जल शक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद, जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील पटेल, सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी, नरैनी विधायक ओममणि वर्मा सहित मंडलायुक्त बाल कृष्ण त्रिपाठी, डीएम नगेंद्र प्रताप सहित जनपद के कई अधिकारी भी उपस्थित रहे।