नरैनी (बांदा)। करीब 15 माह पूर्व कोतवाली क्षेत्र के नंदवारा गांव में हुई महिला के साथ मारपीट में नरैनी कोतवाली में पूर्व मंत्री के पुत्र व उसके प्रधान पौत्र पर एसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। महिला ने बताया कि वह घटना के बाद कोतवाली पहुंची थी, लेकिन हल्का इंचार्ज ने उसे डराकर चुप करा दिया था। उसके बाद उसका इलाज चलता रहा।
नंदवारा गांव निवासी सुरेखा राजपूत ने एसपी अभिनंदन को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 25 मार्च 2022 को उसका पति अजय नरेश राजपूत खेत में काम करने गए थे। उसी दौरान पूर्व मंत्री स्व. डॉ. सुरेंद्र पाल वर्मा के पुत्र महेंद्र पाल वर्मा व प्रधान पौत्र देवेंद्र पाल वर्मा समेत दो अन्य अज्ञात लोग दरवाजे में लकड़ी और गिट्टी डालने लगे। मना करने पर उन्होंने उसे घर से घसीटकर मिट्टी के ढेर में गिराकर पीटा।
मारपीट की घटना देख उसके जेठ रामनरेश व गांव के लोगों ने बचाया। खेत से लौटने पर पति को पूरी घटना बताई। उसी दिन वह नरैनी कोतवाली में घटना की रिपोर्ट लिखाने पहुंचे। वहां मौजूद तत्कालीन हल्का इंचार्ज ने धमकाया। इस पर वह रिपोर्ट दर्ज कराए बिना वहां से लौटा दिया।
इसके बाद वह सीएचसी नरैनी में भर्ती रही। डर के कारण वह कोतवाली भी नहीं गई। करीब 15 माह बाद 24 जून को महिला ने एसपी अभिनंदन को प्रार्थना पत्र दिया। एसपी के आदेश पर नरैनी कोतवाली में महेंद्र पाल वर्मा, उसके पुत्र प्रधान देवेंद्र पाल वर्मा और दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। नरैनी कोतवाल अरविंद सिंह गौर ने बताया कि एसपी के आदेश पर कोतवाली में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।