फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Banda News: छात्रों-राहगीरों को टक्कर मारकर दुकान में घुसी कार, बवाल

विज्ञापन
विज्ञापन
बांदा। तेज रफ्तार कार ओरन तिराहे पर शुक्रवार दोपहर स्कूल से निकले छात्रों, राहगीरों और वहां से गुजर रहे ई-रिक्शा को टक्कर मारने के बाद मिठाई की दुकान में जा घुसी। हादसे में छह छात्र और कुछ राहगीर जख्मी हो गए। मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
विज्ञापन

नाराज छात्रों ने दुकान से कार को धक्का देकर बाहर निकाला और सड़क पर पलटाने के बाद तोड़फोड़ कर दी। कार को आग के हवाले करने की कोशिश की गई। पुलिस ने आग बुझाई। आक्रोशित छात्रों ने जाम लगा दिया। एसडीएम, सीओ, पुलिस फोर्स के साथ बबेरू विधायक मौके पर पहुंचे और छात्रों को समझाया, तब दो घंटे बाद जाम खुला।
अतर्रा रोड की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ओरन तिराहे पर गांधी राजकीय इंटर काॅलेज के छात्रों, ई-रिक्शा और बाइक को टक्कर मारते हुए कालिका शिवहरे की मिठाई की दुकान में जा घुसी। कार की टक्कर लगने से ई-रिक्शा पलट गया। छात्र और राहगीर सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। इससे चीख पुकार मच गई। हादसे में कक्षा 10 के छात्र रोहित (16) चुहका पुरवा, प्रशांत (17), अमर कुशवाहा (15), लवकुश कुशवाहा (16) कक्षा 11 का छात्र बुद्धविलास (19) निवासी ग्राम उतरवां बदौसा और कक्षा 9 का छात्र ओमकार (14) के अलावा राहगीर राजेश निवासी उतरवां, विनोद तेंदुरा, निर्मला निवासी बिसंडी, लवकुश चुहका पुरवा घायल हो गए।
विज्ञापन

साथियों को घायल देखकर कालेज के छात्र उग्र हो गए। छात्रों ने दुकान में घुसी कार को घसीटकर सड़क पर लाए और तोड़फोड़ की। इसके बाद कार को बीच सड़क में पलटा दिया। इस दौरान कार में आग लग गई। नाराज छात्रों ने बांदा-सिंहपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। खबर पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन में पानी और धूल डालकर किसी तरह से आग बुझाई। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
एसडीएम अतर्रा रविंद्र कुमार, सीओ गवेंद्र पाल और सपा के बबेरू विधायक विशंभर सिंह यादव मौके पर पहुंचे। छात्रों को समझा-बुझाकर दो घंटे बाद जाम खुलवाया। घायल रोहित उर्फ कलुवा और बुद्धविलास को मेडिकल कालेज रेफर किया गया है। बुद्धविलास के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। कार को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
विज्ञापन





विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें