बांदा। उधारी के लिए गए 10 हजार रुपये देने के लिए फोन करके साढ़ू को बुला लिया और उस पर जानलेवा हमलाकर लाठी-डंडों से पीटकर गंभीर घायल कर दिया। हमलावर उसे खेत में फेंककर भाग निकले। परिजनों ने उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
बिसंडा थाना क्षेत्र के ओरन गांव निवासी राजकुमार (35) तीन साल से अपने पत्नी बच्चों के साथ शहर कोतवाली क्षेत्र के शंकर नगर मोहल्ले में किराए का मकान लेकर रह रहा है। बुधवार को उसके साढ़ू राकेश ने उसे फोन करके उधारी के लिए 10 हजार देने के लिए अपने गांव तिंदवारा बुलाया था। राजकुमार पैसा लेने राजेश के घर चला गया। वहां राजेश ने राजकुमार पर जानलेवा हमलाकर उसे बुरी तरह से लाठी-डंडों से पीट दिया और मरणासन्न अवस्था में खेत में फेंक दिया।
राजकुमार की पत्नी मंजू ने बताया कि राजेश उसका बहनोई है। राजेश ने छह माह पहले उसकी बहन अनुसूइया को मारपीट कर घर से भगा दिया था। जिस पर वह अपने मायके में रह रही है। शहर कोतवाल अनूप दुबे ने बताया कि घायल की तहरीर पर उसके आरोपी साढ़ू राजेश के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की गई है। घायल का इलाज चल रहा है। (संवाद)