बांदा। महुआ ब्लाक के सहेवा गांव के छात्रों ने मंगलवार को यहां अपर जिला मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर गांव में इंटर कालेज खोले जाने की मांग की। छात्रों ने ज्ञापन में कहा कि आठवीं के बाद गांव में अगली पढ़ाई के लिए कोई प्रबंध नहीं है। ज्यादातर छात्र किसान-मजदूर और निर्धन परिवारों के हैं। उनकी आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं है कि बाहर रहकर पढ़ाई कर सकें। छात्रों ने जनप्रतिनिधियों पर भी उपेक्षा का आरोप लगाया। चेतावनी दी कि गांव में इंटर कालेज नहीं खोला गया तो अगले सभी चुनावों का बहिष्कार करेंगे। ज्ञापन देने वालों की अगुवाई संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के बीएड छात्र सुमित शुक्ला ने की। संजय प्रजापति, आदित्य द्विवेदी, अमन द्विवेदी आदि छात्र शामिल रहे।