बांदा। सपा प्रत्याशी कृष्णा पटेल के पक्ष में रोड शो करने आए प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने शुक्रवार को पार्टी कार्यालय में कहा कि किसानों की हितैषी का दावा करने वाली भाजपा ने दिल्ली में किसानों पर जुल्म किया। ठंडे पानी की बौछारें कीं। यदि जनता इस बार इंडिया गठबंधन को मौका देती है तो सबसे पहले किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा। फसलों का सही मूल्य दिलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि देशद्रोही व रामद्रोही खुद को रामभक्त बताते हैं। उन्होंने शबरी का नाम लिया और कहा कि वह रामभक्त थीं। दो करोड़ नौकरी देने का वादा करने वाली भाजपा एक भी नौकरी नहीं दे सकी, बल्कि नौकरियां छीन रही है। कहा कि भाजपा का 400 पार का शिगूफा ठंडा पड़ गया है। वह अब 100 पार भी नहीं जाएगी। पूर्व राज्यसभा सांसद विशंभर प्रसाद निषाद, बबेरू विधायक विशंभर सिंह, जिलाध्यक्ष डा. मधुसूदन कुशवाहा, पूर्व चेयरमैन मोहन साहू आदि उपस्थित रहे।