बांदा जिले में बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार चाचा-भतीजे की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद वाहन छोड़कर चालक और अन्य सवार भाग निकले। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कालेज भेज दिया। उधर, सड़क सुरक्षा माह के बीच पिछले 24 घंटे में हादसे से पांच मौतें हो गईं। मरने वालों में तीन बाइक सवार थे।
मटौंध थाना क्षेत्र के जखौरा गांव के मजरा चमरहा निवासी पूर्व प्रधान बाबू का 22 वर्षीय पुत्र गोलू बाइक से बुधवार को शाम अपने पांच वर्षीय भतीजे रुद्र पुत्र शिवम के साथ मटौंध जा रहा था। तभी बांदा की तरफ से जा रही सफेद रंग की बोलेरो ने गौरिहार मोड़ पर गल्ला मंडी के पास बाइक को टक्कर मार दी।
गोलू और रुद्र की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लिया। मृतक गोलू के पिता पूर्व प्रधान बाबू शव नहीं उठने दे रहे थे। उनकी पुलिस से झड़प भी हुई। हालांकि बाद में बुजुर्गों के दखल से पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को घटनास्थल पर हेलमेट नहीं मिला।
उधर, गोलू और रुद्र को मिलाकर सड़क हादसे में पिछले 24 घंटे में पांच मौतें हो गईं। मंगलवार को शाम कोतवाली देहात के बरगहनी गांव के पास कार की टक्कर से ऑटो सवार फूटाकुआं (पल्हरी) गांव निवासी संतूलाल (65) और सैमरा गांव निवासी चौकीदार कालीचरण (55) की मौत हो गई थी। एक अन्य सड़क दुर्घटना में कनवारा बाईपास के पास ट्रक की टक्कर से बाइक सवार लालू निषाद की जान चली गई।