सामने आ रही दूसरी बाइक से हुई टक्कर, बिलबई गांव के पास हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
बांदा। दोस्त के साथ बाइक में गांव जा रहे युवक को सामने से आ रही दूसरी बाइक ने टक्कर मार दी। इससे दोनों गंभीर घायल हो गए। बाइक चालक की इलाज के दौरान रानी दुर्गावती राजकीय मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
बबेरू कोतवाली क्षेत्र के मुरवल गांव निवासी संदीप कुमार (28) शुक्रवार को दोस्त इंद्रराज (24) के साथ बांदा बाजार करने आया था। यहां से दोनों शुक्रवार की शाम अपने गांव वापस जा रहे थे। बिलबई गांव के पास सामने से आ रही बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर मारने वाला बाइक चालक मौके से भाग निकला। हादसे में दोनों गंभीर घायल हो गए। बाइक संदीप चला रहा था। वह हेलमेट नहीं पहने था।
घायल अवस्था में राहगीरों ने दोनों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां दोनों की हालत गंभीर देख संदीप को मेडिकल कॉलेज और इंद्रराज को कानपुर रेफर किया गया। मेडिकल कॉलेज में संदीप की देर रात मौत हो गई। जीजा ईश्वरी प्रसाद ने बताया कि घर में पत्नी प्रीति और एक डेढ़ वर्ष का पुत्र है।
संदीप की गांव में किराने की दुकान है। तीन भाइयों में सबसे छोटा था। देहात कोतवाली इंस्पेक्टर मिथलेश सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।