बांदा। बिजली कटौती उमस भरी गर्मी में लोगों को परेशान कर रही है। बुधवार को पूरे दिन शहर में कहीं शटडाउन तो कहीं फाल्ट से बिजली कटती रही। वहीं मंगलवार की रात भी बारिश होने के बाद भूरागढ़ व पीलीकोठी उपकेंद्र की लाइट बंद कर दी गई। इससे लोग रात भर उमस भरी गर्मी में कराहते रहे। बिजली विभाग के अधिकारी व कर्मचारी आंधी-पानी में हुए फाल्ट तलाशने में परेशान रहे।
शहर में मंगलवार व बुधवार को आसमान में बदली और बीच-बीच धूप होने से उमस भरी गर्मी चरम पर रही। वहीं बिजली विभाग की मनमानी व लापरवाही से शहर के उपभोक्ता गर्मी में बिलबिलाते रहे। मंगलवार की रात करीब 12 बजे हलकी बारिश होने के बाद पूरे शहर में अंधेरा छा गया। भूरागढ़ व पीलीकोठी फीडर से जुड़े करीब दो दर्जन मोहल्लों में लोग गर्मी में बाहर टहलते रहे।
अधिकारियों व कर्मचारियों को फोन मिलने के बाद भी घंटों सुध लेने नहीं पहुंचे। शहर के निम्नीपार, गुलाबबाग, कटरा, छोटी बाजार, खुटला, रहुनियां, महेश्वर देवी रोड में रात में 12 बजे गुल हुई बिजली सुबह चार बजे आई। वहीं स्टेशन रोड, मर्दननाका, टेलीफोन टावर, खाईंपार, परशुराम तालाब, सर्वोदय नगर, कालूकुआं में दस मिनट बिजली आई तो एक घंटे इंतजार करना पड़ा।
भीषण गर्मी में किसी तरह सबेरा हुआ तो फिर बिजली की आंख मिचौली शुरू हो गई। दोपहर में पीलीकोठी के चारों फीडरों में शटडाउन लिया गया तो दो घंटे तक बिजली आने का इंतजार करना पड़ा। लोग गर्मी में बिलबिलाते रहे और व्यवस्था को कोसते रहे। वहीं अधिकारियों का कहना है कि ज्यादा लोड पड़ने की वजह से उपकरण हीट हो रहे हैं। इसीलिए रेस्ट लेना पड़ रहा है। कुछ जगहों पर रिवैंप योजना के तहत काम कराया जा रहा है। इससे सुबह 11 से पांच बजे तक की बिजली कटौती की जा रही है।
विधायक ने ऊर्जामंत्री के समक्ष रखी समस्या
बांदा। सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने मंगलवार को नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा से लखनऊ में मुलाकात की। बांदा जनपद में खासकर सदर विधानसभा क्षेत्र में बिजली समस्या से अवगत कराया। उन्होंने विद्युत केंद्र बढ़ाए जाने और संचालित पांच उप केंद्रों में उपकरण बदलवाने और क्षमता बढ़ाने की बात रखी। सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी बिजली व्यवस्था को लेकर लगातार उच्चाधिकारियों से भी संपर्क कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जल्द ही जनपदवासियों को बिजली समस्या से निजात मिलेगी। ऊर्जा मंत्री उन्हें बिजली समस्या दूर करने के लिए जल्द कार्य कराने का भरोसा दिया है।