बांदा। दोस्तों के साथ ग्वालियर घूमने जा रहे युवक की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। घटना स्थानीय आउटर सिग्नल के पास हुई। साथियों के मुताबिक जेब से मोबाइल निकालने के दौरान उसका हाथ छूट गया था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
चित्रकूट जिले के पुरानी बाजार (कर्वी) निवासी पवन कुमार साहू (18) पुत्र राजेश साहू शनिवार की रात महाकौशल एक्सप्रेस से ग्वालियर जा रहा था। उसके साथ पड़ोसी दोस्त दीपक और बंटी भी थे। तीनों बोगी के गेट पर थे।
केन नदी पुल के पहले पवन ट्रेन के नीचे गिर गया। उसकी वहीं मौत हो गई। खैराडा में ट्रेन रुकने पर दोस्त उतरे और घटनास्थल पर गए। परिजनों को घटना की जानकारी दी। पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया कि जेब से मोबाइल निकालते समय उसका हैंडल से हाथ छूट गया, जिससे वह नीचे गिर गया।
पिता राजेश ने बताया कि पवन पुरानी बाजार में ही घर के नजदीक टिकिया-फुलकी की दुकान लगाता था। दो पुत्रों में छोटा था। बड़ा बेटा अरुण लखनऊ में पढ़ाई कर रहा है। पत्नी ममता की तीन साल पहले बीमारी से मौत हो चुकी। यहां घर में वह और बेटा पवन ही रह रहे थे।