अतर्रा। बारिश के बाद हुए जलभराव के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी नगर पालिका प्रशासन ने पानी निकासी का इंतजाम नहीं किया। इससे गुस्साए दुकानदारों ने चूड़ी गली में भरे पानी में बैठकर नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध जताया।
शुक्रवार को दोपहर करीब दो घंटे तक हुई बारिश से जल भराव हो गया था। घरों में नालियों का गंदा पानी घुस गया था। इससे दुकानदारों का लाखों रुपये का सामान भीगकर खराब हो गया। इस समस्या को अमर उजाला ने शनिवार के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया।
नगर पालिका प्रशासक एसडीएम विकास यादव ने ईओ राम सिंह को जल भराव खत्म करने के निर्देश दिए। शनिवार को सुबह ईओ ने पालिका टीम के साथ कुछ मोहल्लों में जाकर पानी निकलवाया। लेकिन बारिश के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी कस्बे के चौक बाजार, तुलसी नगर, चूड़ी गली, तेल गली, सोनाली गली, बजरंग नगर, सिविल लाइन, लोधू थोक, आजाद नगर, शास्त्री नगर, बाऊर बाजार सहित अन्य मोहल्लों में अभी भी पानी भरा है।
शनिवार को चूड़ी गली में कर्मचारियों के न पहुंचने पर दुकानदारों ने गंदे पानी में बैठकर विरोध जताया। व्यापारी विपिन सोनी, सौरभ गुप्ता, भागवत गुप्ता, जुगुल, मनीष, आशुतोष, अमन, नीतू, इमरान, संदीप, गोरा, शुभलाल आदि ने बताया कि उनका लाखों रुपये का सामान पानी में भीगकर खराब हो गया। तुलसी नगर के सानू गुप्ता, अखिलेश, आदित्य, राहुल, मुन्ना यादव, राकेश गौतम मेजर, अर्जुन मिश्रा, सूरज बाजपेयी, रमेश शर्मा, दिनेश गुप्ता, मंजुल मयंक आदि ने पानी निकासी और दवा छिड़काव की मांग की।