मटौंध गोशाला में दवा देखते अपर निदेशक/नोडल अधिकारी डा.एमए अंसारी। साथ में बांदा ईओ बीपी यादव आदि।
- फोटो : BANDA
बांदा। नगर सेवा पखवाड़ा के तहत अपर निदेशक/नोडल अधिकारी डॉ. एमए अंसारी ने रविवार को नगरीय क्षेत्रों में भ्रमण कर सफाई व्यवस्था देखी। तिंदवारी नगर पंचायत में कान्हा गोशाला का निरीक्षण किया। सब ठीक मिला। यहां के बाद मटौंध नगर पंचायत में संचालित गोशाला देखी। गोशाला में कमजोर रोशनी पर नाराजगी जताई। पशुओं के इलाज के रखी गईं दवाओं को भी बारीकी से देखा। सड़कों को निर्धारित अवधि में गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए।
शाम को डॉ. अंसारी ने सर्किट हाउस में नगर पालिका और नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियों के साथ बैठक की। निर्देश दिए कि संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखना होगी। जलभराव न हो सके, इसके इंतजाम करें। अभियान की तरह सफाई की जिम्मेदारी निभाई जाए।
निगरानी समितियों, सिविल सोसायटी व जनप्रतिनिधियों के जरिए लोगों को जागरुक करें। सूखा-गीला कचरे के बारे में लोगों को रंगों की जानकारी दें। शुद्ध पेयजल मुहैया कराने के लिए लीकेज दुरुस्त किए जाएं। इसके अलावा ग्रीन स्पेस और पेयजल योजनाओं को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
नगर की सड़कों को गड्ढा मुक्त करने पर विशेष जोर दिया। कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप कार्य न होने पर कार्रवाई होगी। बैठक के बाद अपर निदेशक ने चिल्ला चौराहा, ओवर ब्रिज सहित कई इलाकों में भ्रमण कर प्रकाश व्यवस्था देखी। इस अवसर पर नगर पालिका बांदा ईओ बीपी यादव सहित राम सिंह (अतर्रा), अभिमन्यु (मटौंध), डीपीएम अभिषेक खरे, सफाई निरीक्षक हेमंत, नरैनी, बिसंडा व ओरन नगर पंचायतों के ईओ आदि उपस्थित रहे।