बबेरू। अलग-अलग स्थानों पर एक बच्चे की तालाब में तो दूसरे की नाले में डूबने से मौत हो गई। इससे परिजनों में कोहराम मच गया।
कोतवाली थाना क्षेत्र के सतन्याव गांव निवासी राकेश कुमार की पुत्री ज्योति (03) गुरुवार की देर शाम दरवाजे पर खेल रही थी। अचानक ज्योति का पैर फिसल गया और वह पास में बह रहे गंदे नाले में गिर गई। काफी देर बाद परिजनों ने बच्ची को बाहर खेलता हुआ न देखा तो तलाश शुरू की। नाले की तरफ गए तो बच्ची पानी में डूबी हुई थी। उसे बाहर निकाल कर सीएचसी ले गए। वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पिता ने बताया कि हाल ही में नगर पंचायत ने नाला खुदवाया था, लेकिन उसे बंद नहीं किया गया।
वहीं, कोतवाली क्षेत्र के भुराने पुरवा गांव निवासी विनोद प्रजापति का पुत्र सुमित (5) गुरुवार की शाम शौच के लिए तालाब किनारे गया था। पैर फिसल जाने से गहरे पानी में चला गया। आसपास के लोगों ने देखा तो तालाब में कूदकर बच्चे को पानी से बाहर निकाला और सीएचसी पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। वह तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था।