कोर्रही (बांदा)। बिजली के टूटे तार ने विकलांग युवक की जान ले ली। गुरुवार रात की यह घटना बिसंडा थाना क्षेत्र के कोर्रही गांव की है। विभाग का कहना है कि जांच के बाद मुआवजे की कार्रवाई की जाएगी।कोर्रही गांव के नत्थू (35) पुत्र बबुल्ला प्रजापति पैरों से विकलांग थे। उनकी पत्नी गूंगी हैं। नत्थू गांव के एक टेलर के यहां सिलाई करके परिवार पालते थे। ईद पर काम अधिक होने से वह दुकान से देर रात घर लौटे। दरवाजे पर टूटी केबिल पड़ी थी। इसी पर पैर पड़ने से उन्हें करंट का तेज झटका लगा। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी गई। ग्रामीणों के मुताबिक ट्रांसफार्मर के पास एचटी लाइन टूट कर एलटी लाइन पर गिरने से केबिल जल गई थी। विभाग ने इसे दुरुस्त नहीं कराया और यह घटना हो गई। इस बाबत अधिशासी अभियंता समरनाथ सिंह ने बताया कि फिलहाल उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं मिली है। वह संबंधित अवर अभियंता को कोर्रही गांव भेजकर जांच करवाएंगे। नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।