अतर्रा/बिसंडा। थाने से चंद कदम दूर किराना की दुकान का शटर तोड़कर चोर नकदी और सामान चुरा ले गए। दुकानदार ने पुलिस को तहरीर दी है। इसमें लगभग 50 हजार रुपये का सामान ले जाने की बात बताई है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। घटना को लेकर व्यापारियों में रोष है।
किराना व्यापारी सनत कुमार शिवहरे ने दी तहरीर में बताया कि बिसंडा थाने से कुछ दूर पर उसकी दुकान है। मंगलवार की रात चोरों ने शटर तोड़कर चोरी कर ली। चोर गोलक में रखे बिक्री के रुपये और सामान उठा ले गए।
आसपास के दुकानदारों से बुधवार की सुबह घटना की जानकारी हुई। घटना के खुलासे की मांग की। साथ ही यह भी कहा कि पूर्व में भी कई दुकानों में चोरी हो चुकी है। अब तक पुलिस खुलासा नहीं कर सकी।
व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने चोरी की घटना पर नाराजगी व्यक्त की है। उनका कहना है कि चोरी से कस्बा व्यापारियों में रोष पनप रहा है। आरोप लगाया कि पुलिस पिकेट ड्यूटी के होने के बावजूद घटना सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलती है। जल्द खुलासे की मांग की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।