बांदा। सीआईएसएफ के सहायक उपनिरीक्षक के मकान का ताला तोड़कर चोर घर के अंदर रखे सोने-चांदी के जेवर और 1.70 लाख रुपये पार कर दिए। सहायक उप निरीक्षक की तहरीर पर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के कालू कुआं मोहल्ला स्थित ब्रह्म नगर में सीआईएसएफ में सहायक उप निरीक्षक जयप्रकाश शुक्ला का मकान है। वह वर्तमान में दिल्ली में तैनात हैं। उनके मकान में उनका भतीजा राजू निवासी सतन्याव थाना बबेरू रहता है।
दो किराएदार भी रहते हैं। दो दिन पहले राजू गांव और किरायेदार भी अपने-अपने घर चले गए थे। इसी बीच मकान को चोरों ने निशाना बनाया। मेन गेट का ताला तोड़कर अंदर पहुंचे चोरों ने अलमारी का लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के जेवरा पार कर दिये।
इसके अलावा अटैची में रखे एक लाख 70 हजार रुपये भी चुरा लिए। गुरुवार को पड़ोसियों ने ताला टूटा देखा तो फोन पर राजू को चोरी की सूचना दी। गांव से आए राजू ने चाचा को वारदात की सूचना दी।
सहायक उप निरीक्षक ने शनिवार को बांदा आकर कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज की है। एसएसआई राधाकृष्ण ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।