चोरी के बारे में जानकारी देतीं गृह स्वामिनी रामरति।
- फोटो : BANDA
खप्टिहाकलां (बांदा)। सेंध लगाकर सुपरवाइजर के मकान में घुसे चोर करीब दो लाख रुपये के जेवर और नकदी चुरा ले गए। इतना ही गुड़-चना समेत गृहस्थी का सामान भी उठा ले गए। गृहस्वामी के भाई ने पुलिस को तहरीर दी है। अज्ञात के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पैलानी थाना व खप्टिहाकलां चौकी क्षेत्र के नया डेरा निवासी जीवन निषाद के घर में सोमवार को तड़के सेंध लगाकर चोर घुस गए। कमरे और बक्सों का ताला तोड़कर 10 हजार रुपये और सोने-चांदी के जेवर चुरा ले गए।
इसके अलावा 50 किलो चना और 10 किलो गुड़ की बोरी, नए कपड़े भी ले गए। अन्य सामान कमरे में बिखेर दिया। बगल के कमरे में पत्नी रामरति और पुत्री निर्मला, पुत्र गोविंदा और अंकुश सो रहे थे। उन्हें चोरों की भनक तक नहीं लगी।
भाई दयाराम ने बताया कि जीवन सूरत की एक कंपनी में सुपरवाइजर है। भाई ने थाने में तहरीर दी है। यह भी बताया कि चोरों ने पड़ोसी के घर में भी सेंध लगाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके। चोरी की घटना से गांव में दहशत है। सूचना पर सोमवार को सुबह चौकी प्रभारी ओमप्रकाश द्विवेदी ने मौके का निरीक्षण किया।