बांदा जिले में तीन माह पहले लापता युवक का कंकाल पुलिस ने बरामद कर लिया। परिजनों ने उसके कपड़ों से शिनाख्त की है। पुलिस मामले से संबंधित साक्ष्य जुटाने में लगी है। मटौंध थाना क्षेत्र के त्रिवेणी गांव निवासी सफाई कर्मी धीरू (22) पुत्र गंगादीन शहर में नगर पालिका में संविदा कर्मी था।
30 मई को वह घर से जाने के बाद वापस नहीं लौटा। पिता गंगादीन ने बताया कि पुलिस को अर्जी देकर वह पुत्र का पता लगाने की फरियाद करते रहे। शुक्रवार को पुलिस ने कोतवाली क्षेत्र के पडुई व मनीपुर गांव के बीच जंगल में कंकाल मिलने की सूचना दी।
उन्होंने धीरू के कपड़ों से शिनाख्त की। टुकड़ों में कंकाल देखकर लगता है कि कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई। पिता ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि मर्दननाका मोहल्ले में सफाई के दौरान एक महिला से प्रेम प्रसंग हो गया था।
उसी महिला ने घटना के दिन फोन कर बुलाया था। महिला के परिजनों ने धीरू की हत्या कर दी। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने महिला के पति व साले को हिरासत में ले लिया है। कोतवाली इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह रजावत कहना है कि अभी मामले के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।