अतर्रा। नगर में जगह-जगह खुली खाद की दुकानों में किसानों का शोषण हो रहा है। बुधवार को परेशान किसानों ने एसडीएम विकास यादव से शिकायत दर्ज कराते हुए दुकान मालिकों पर यूरिया, डीएपी की कालाबाजारी का आरोप लगाया है।
पचोखर निवासी किसान रामप्रताप ,राकेश पांडेय, शंभू ,रिजोला, कुंवर सिंह ने बताया कि कई बार जिला कृषि अधिकारी से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इस पर एसडीएम ने नायब तहसीलदार राजीव यादव को जांच कर रिपोर्ट देने के आदेश दिए।
नायब तहसीलदार ने नरैनी रोड, बिसंडा रोड, चौक बाजार, स्टेशन रोड, सहित अन्य जगहों पर संचालित प्राइवेट खाद की दुकानों पर छापेमारी की। नायब तहसीलदार ने कहा कि दुकान संचालकों को ओवर रेट में खाद ना बेचने की चेतावनी दी गई है।
शिकायत मिलने पर लाइसेंस निलंबन व कड़ी कार्यवाही के लिए चेतावनी दी है। कार्यवाही की भनक लगते ही आधा दर्जन खाद दुकान संचालक शटर गिराकर भाग निकले। (संवाद)