बांदा जिले में अलग-अलग सड़क हादसों में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों अविवाहित थे। इनमें एक युवा प्रापर्टी डीलर और दूसरा प्रवासी मजदूर था। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। मटौंध थाना क्षेत्र के मोहन पुरवा निवासी संतोष यादव के पुत्र नरेश (35) लगभग छह माह से शहर के बिजलीखेड़ा में बहनोई कमल यादव के खाली मकान में रह रहे थे।
रविवार की देर रात वह बाइक से घर लौट रहे थे। कोतवाली नगर क्षेत्र के मवई बाईपास के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर यूपी-112 ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
बड़े भाई सुरेंद्र ने बताया कि नरेश प्लाटिंग की खरीद-फरोख्त कराते थे। दूसरा हादसा गिरवां थाना क्षेत्र में हुआ। अर्जुनाह गांव निवासी जुगुल किशोर के पुत्र मेवालाल (21) अपने मौसेरे भाई नरैनी कोतवाली क्षेत्र के बरुआ गांव निवासी रोहित (21) के साथ बाइक से जमवारा गांव से नरैनी आ रहे थे।
वहीं, गांव के नजदीक सामने से कार ने टक्कर मार दी। दोनों घायल हो गए। कार चालक वाहन लेकर भाग निकला। घायलों को पुलिस ने एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भेजा। यहां मेवालाल ने दम तोड़ दिया। रोहित का इलाज चल रहा है। बड़े भाई देवीदीन ने बताया कि मेवालाल सूरत में पेंटिंग का काम करते थे। रक्षा बंधन पर घर आए थे।