बांदा/अतर्रा। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए दो हादसों में एक वृद्धा और हाई स्कूल की छात्रा की मौत हो गई। दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है।
गिरवां थाना क्षेत्र के स्योंढ़ा गांव निवासी रन्नो (50) पत्नी रामस्वरूप यादव सोमवार को संतपुर के खेत में धान काटने गई थी। वहां से शाम को घर लौटते समय स्योंढ़ा गांव के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। वह गंभीर घायल हो गई। राहगीर की सूचना पर पहुंचे परिजन ने मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। इलाज के दौरान मंगलवार की रात मौत हो गई। पति रामस्वरूप ने बताया कि उसके तीन पुत्र व एक पुत्री है।
दूसरी घटना में अतर्रा थाना क्षेत्र के गुठिल्ला पुरवा निवासी सीमा यादव (17) पुत्री बुद्ध विलास बुधवार सुबह अतर्रा रेलवे स्टेशन स्थित आउटर में रेल पटरी किनारे शौच के लिए गई थी।
करीब 11 बजे कर्वी स्टेशन से बांदा की ओर आई चंबल एक्सप्रेस की चपेट में आकर मौत हो गई। वह हाईस्कूल की छात्रा थी। एक भाई व दो बहनों में दूसरे नंबर की है। इंस्पेक्टर अनूप दुबे ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।