फोटो 05 बीएनडीपी 11- जिला अस्पताल के दवा वितरण कक्ष में लगी मरीजों की भीड़ । संवाद
- फोटो : BANDA
बांदा। पारा गिरने के साथ ही सर्दी बढ़ने लगी है। इससे निमोनिया और कोल्ड डायरिया के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। जिला अस्पताल की ओपीडी में रोजाना करीब सवा सौ मरीज निमोनिया और कोल्ड डायरिया के आ रहे हैं। इनमें बच्चों की संख्या अधिक रहती है।
दिन में धूप और सुबह और रात के समय बढ़ रही सर्दी बड़ों के साथ बच्चों को भी प्रभावित कर रही है। जिला अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन औसतन 100 बच्चों और 20 से 25 बुजुर्ग कोल्ड डायरिया और निमोनिया के निकल रहे हैं।
बालरोग विशेषज्ञ डॉ. आरके गुप्ता का कहना है कि शुरुआती सर्दी में बच्चों के अभिभावकों को विशेष एहतियात बरतने की जरूरत है। मौसम के उतार चढ़ाव का सबसे अधिक असर बच्चों पर ही पड़ता है।
उन्होंने अभिभावकों को सलाह दी कि बच्चों को टोपा और मोजा पहनाकर रखें। गुनगुनी धूप में बच्चों को लेकर बैठें। बच्चों को गर्म पानी से नहलाएं। खाने में तरल पदार्थ दें। रात के समय उनके सीने और पीठ पर तेल की मालिश कर दें। कूलर और पंखा बंद रखें। इसी तरह बुर्जुगों की भी देखभाल जरूरी है।
सर्दी के दौरान बुखार और डायरिया के मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है। सोमवार को बुखार और डायरिया से ग्रसित पांच लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें बच्चे भी शामिल हैं। भर्ती होने वालों में शिव कुमार (90) निवासी कालू कुआं, बच्चा (22) पुत्र रामसिया निवासी पचनेही, देव (4) पुत्र धर्म प्रसाद निवासी खुटला, सुमित (3) निवासी देवरथा, मोहित (16) पुत्र रामेश्वर निवासी काशीराम कॉलोनी को सोमवार को बुखार व डायरिया से ग्रसित होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।