बांदा। सड़क में गहरे गड्ढों की वजह से ओवरलोड सवारियों वाली प्राइवेट बस की कमानी टूट गई। इससे बेकाबू हुई बस खंती में जा गिरी।
हादसे
में 18 यात्री घायल हो गए। सात को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती
कराया गया है। बुधवार दोपहर यह हादसा बांदा-बिसंडा मार्ग पर हुआ।
बुधवार दोपहर सिंहपुर से बिसंडा होकर बांदा आ रही प्राइवेट बस की कमानी (पटा) सहेवा गांव के पास गड्ढे में हिचकोले से टूट गई।
इससे बेकाबू हुई बस सड़क किनारे खंती में जा गिरी। बस में 65 यात्री थे। हादसा होते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
राहगीरों
ने प्राइवेट वाहनों व सरकारी एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल
पहुंचाया। यहां डाक्टरों की टीम तुरंत घायलों के इलाज में जुट गई।
गंभीर
रूप से घायल सुरेश (25) पुत्र अमरनाथ निवासी जामू (कमासिन) और उनकी पत्नी
पूनम (23), महजबी (35) पत्नी अनवर निवासी कोर्रही, जीआईसी बिलगांव के टीचर
करुणेश प्रसाद (50) निवासी सिविल लाइन, गिरिजा देवी (50) पत्नी शारदा
निवासी बिसंडा, राजधर (18) पुत्र सालिगराम निवासी उतरवां व शुबराती (23)
पुत्र सिद्दीक निवासी बिलगांव को भर्ती कर लिया गया।
इनकी हालत गंभीर है। मामूली घायलों को बिसंडा पीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।