Banda: In three months, assets worth 14 crores of criminals attached
- फोटो : BANDA
बांदा। भाजपा सरकार ने बीमारू यूपी को ‘अचीवर्स’ स्टेट बनाया। योगी के बुलडोजर मॉडल को अपनाने के लिए देश के कई प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों ने संपर्क किया है। जिले में तीन माह में 35 अपराधियों पर गैंगस्टर, 156 पर गुंडा एक्ट और पांच पर एनएसए की कार्रवाई की गई। अपराधियों की 14 करोड़ की संपत्ति भी कुर्क की गई।
कलक्ट्रेट सभागार में शनिवार को प्रदेश के सहकारिता मंत्री स्वतंत्र प्रभार जेपीएस राठौर ने योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल के 100 दिन पूरे होने पर सरकार की उपलब्धियां गिनाई। कहा कि योगी सरकार में बुलडोजर की दहशत है। यहां माफिया जमानत कटवाकर जेल जा रहे हैं।
कोतवाली, थानों में जाकर जेल भेजने की बात कह रहे हैं। यूपी में 16,158 कुख्यात अपराधी चिह्नित किए गए है, जिनकी सूची थाना कोतवाली में चस्पा की जाएगी और कार्रवाई होगी।
पीएम द्वारा ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी-3 में 80,224 करोड़ की योजनाओं का शुभारंभ किया गया। नई योजना के तहत 60 साल की आयु पूरी कर चुके किसानों को तीन हजार रुपये प्रति माह पेंशन दी जाएगी। अब तक 21 हजार किसानों को योजना का लाभ दिया गया है।
खाद की किल्लत दूर करने के लिए नैनो यूरिया के वितरण की शुरुआत की गई है। सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय सिंह, महिला मोर्चा अध्यक्ष वंदना गुप्ता, डीएम अनुराग पटेल, सीडीओ वेद प्रकाश मौर्य, अपर पुलिस अधीक्षक श्री निवास मिश्र भी मौजूद रहे।