नरैनी (बांदा)। कस्बे में मंगलवार की रात चोरों ने पांच दुकानों को निशाना बनाया। मिठाई और स्टेशनरी की दुकान से चोर हजारों की नकदी और सामान चुरा ले गए। तीन अन्य दुकानों के शटर के ताले तोड़ दिए, लेकिन सेंट्रल लॉक लगा होने से शटर नहीं खोल सके। चोरों ने वारदात को अंजाम कोतवाली और तहसील से चंद कदम की दूरी पर दी है।
कस्बे में कोतवाली से चंद कदम दूर तहसील परिसर के बाहर राकेश कुमार गुप्ता की मिठाई की दुकान है। उन्होंने बताया कि मंगलवार की रात आठ बजे दुकान बंद कर घर चले गए। बुधवार सुबह पहुंचे तो दुकानों में ताले टूटे और सामान बिखरा था। दुकान में रखे बीस हजार रुपये और 25 हजार के बर्तन, 30 हजार की मिठाई की सामग्री चोरी हो गई थी। चोरों ने बिजली की लाइन भी काट दी थी। चोरों ने प्रभु दयाल पाठक बुक स्टॉल की दो दुकानों के शटर का ताला तोड़कर गोलक में रखे चार हजार रुपये और छह हजार का सामान चुरा लिया।
इसके अलावा इनकी दुकान के पास ही भोले पांडे भी बुक स्टाल की दुकान का ताला थोड़ा, लेकिन सेंट्रल लॉक लगा होने से शटर नहीं खुला। इसी तरह पास की ही दूसरे दुकानदार मोहनलाल निवासी नौहाई की परचून की दुकान का एक ताला तोड़, लेकिन दूसरी तरफ का लॉक नहीं खोल सके।
वहीं अतर्रा मार्ग पर ब्लॉक मार्केट में रामखेलावन निवासी नंदवारा शू स्टोर के शटर का ताला तोड़ दिया, यहां भी सेंट्रल लॉक लगा होने से शटर नहीं खुला। इससे चोरी की वारदात होने से बच गई। दुकानदारों की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंच कर पड़ताल की। थाना प्रभारी ने जल्द से जल्द वारदात का खुलासा करने का दावा किया है।