खप्टिहा कलां। बाइक की टक्कर से पांच वर्षीय बालिका की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। पुलिस के कार्रवाई के आश्वासन के बाद परिजन माने और जाम खुल सका। इससे करीब आधा घंटा आवागमन बाधित रहा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पैलानी कस्बा निवासी खुशी (5) पुत्री मंगल निषाद सोमवार की शाम घर से सामान लेने के लिए दुकान जा रही थी। सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उसे कुचल दिया और मौके से फरार हो गया। परिजनों ने बालिका को गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने कानपुर रेफर कर दिया। देर रात उसकी कानपुर मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। मंगलवार की सुबह शव गांव पहुंचा तो ग्रामीणों ने जाम लगा दिया।
सूचना पर थाना प्रभारी नंदलाल प्रजापति ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए। वह तीन बहन भाइयों में छोटी थी।