बांदा। गोवर्धन पूजा के दिन पति से विवाद के बाद युवती ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। युवती के भाई ने पति पर मारपीट का आरोप लगाया है। पति का कहना है कि सड़क हादसे में सिर में चोट आने से पत्नी का स्वभाव चिड़चिड़ा हो गया था।
गिरवां थाना क्षेत्र के मुरवां गांव में देवरानी (34) पत्नी रामचंद्र ने बुधवार की रात घर में जहर खा लिया। पति घर के बाहर था। 13 वर्षीय बेटी प्रार्थना ने मां की हालत खराब देखी तो पिता को फोन किया। रामचंद्र घर आया और पत्नी देवरानी को जिला अस्पताल ले आया।
हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। देर रात उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। पति ने बताया कि चार साल पूर्व सड़क दुर्घटना में देवरानी के सिर पर गंभीर चोट आई थी। तब से उसका स्वभाव चिड़चिड़ा हो गया था। बात-बात पर झगड़ती थी।
भाई मझीवां (बबेरू) गांव निवासी संजीव कुमार ने बताया कि बहन देवरानी की शादी 16 साल पूर्व हुई थी। दो पुत्रियां हैं। आरोप है कि पति शराब के नशे में अक्सर विवाद करता था। त्योहार के दिन उसके साथ मारपीट की थी। शरीर में चोट के निशान थे। इसी से क्षुब्ध होकर उसने आत्महत्या कर ली। इंस्पेक्टर ओम शंकर शुक्ला का कहना है कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।