अतर्रा। तहसील क्षेत्र के फतेहगंज क्षेत्र के खेरिया गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में तीन दिन पूर्व विद्यालय बंद होने से चोर विद्यालय परिसर में अंदर लगे हुए कीमती पांच हरे सागौन के पेड़ काट ले गए। शनिवार को स्कूल खुला तो प्रभारी प्रधानाध्यापक अरविंद गुप्ता को सागौन के ठूंठ मिले। उन्होंने उच्चाधिकारियों सहित बीईओ को पत्र भेजकर अवगत कराया है। वहीं, इसी विद्यालय में वन विभाग की नर्सरी से मिले करीब दो दर्जन से ज्यादा पौधों को रोपित करने की बजाय नवनिर्मित किचन शेड में रख दिया। वे रखे रखे सड़ गए।
जिलेभर में विद्यालय को हरा भरा बनाने के लिए जुलाई माह में पौधरोपण अभियान चलाया गया था, जिसमें सभी विभागों की ओर से अपने-अपने कार्य क्षेत्र में पौधरोपण करने के निर्देश दिए थे, लेकिन उच्च प्राथमिक विद्यालय खेरिया में इनका रोपण करने के बजाय किचन शेड में रख दिए गए। स्कूल की ओर से इसकी जानकारी किसी को नहीं दी गई। इस बाबत प्रभारी प्रधानाध्यापक ने बताया कि ग्राम प्रधान ने पौधे रोपने के बजाय किचन में रखा दिए हैं। इसकी वजह से सड़ गए। प्रधान शांती देवी का कहना है कि कुछ पेड़ सूख गये थे, इस वजह से नहीं लग गए। इन पौधों को स्कूल में रखवा दिया गया था।