बांदा जिले में घर से करीब आधा किलोमीटर दूर बबूल के पेड़ पर किसान का शव फंदे पर लटका मिला। परिजन और पुलिस आत्महत्या बता रहे हैं। कुछ दिनों से मृतक मानसिक रूप से परेशान था। जसपुरा थाना क्षेत्र के नांदादेव गांव में सुनील द्विवेदी (35) पुत्र राम अवतार ने रविवार की रात खेत में लगे बबूल के पेड़ पर रस्सी से खुदकुशी कर ली।
सोमवार को सुबह ग्रामीणों ने शव देखकर प्रधान रोहित निषाद और परिजनों को सूचना दी। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। भाई टिल्लू द्विवेदी ने बताया कि मृतक खेतीबाड़ी करता था। कुछ दिनों से मानसिक रूप से बीमार था। तीन भाइयों में दूसरे नंबर का और अविवाहित था। बेटे की मौत से मां कौशिल्या बेसुध है। परिजन आत्महत्या का ठोस कारण नहीं बता सके।