बबेरू। कोतवाली क्षेत्र के निभौर गांव के तरसिया डेरा में मंगलवार की रात युवा किसान की चापड़ से की गई हत्या के मामले में पुलिस प्रेमप्रसंग को आधार बनाकर हत्यारोपी नौकर की तलाश में जुटी है। घटना के 24 घंटे बीतने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। गुरुवार को गांव में मृतक राजू के शव का अंतिम संस्कार किया गया। इसके साथ ही मृतक की बहन की शादी की तारीख टाल दी गई है।
तरसिया डेरा में मंगलवार की रात आरोपी नौकर रामरूप निषाद निवासी मझींवा का मजरा भटौली ने एक अन्य साथी के साथ किसान देवलाल और राजू पर चापड़ से वार किए थे। इसमें राजू की मौत हो गई थी। जबकि देवलाल गंभीर घायल हो गया था। कोतवाली में देवलाल ने नौकर रामरूप समेत एक अन्य अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
घटना को लेकर पुलिस ने मृतक राजू की बहन का मोबाइल फोन कब्जे में लिया है। मोबाइल फोन की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। उधर, एक सप्ताह पूर्व हत्योरोपी रामरूप और मृतक राजू के बीच विवाद भी हुआ था। पोस्टमार्टम के बाद गांव में ही मृतक राजू के शव का अंतिम संस्कार करा दिया गया है।
बहन की सगाई फिलहाल टल गई है। कोतवाली प्रभारी पंकज सिंह का कहना है कि हत्यारोपी के ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।