बांदा। ड्रोन से खेतों में दवा और यूरिया का छिड़काव किया जाएगा। इसके लिए प्लान शासन को भेजा गया है। चित्रकूट धाम मंडल की 174 सहकारी समितियों को कामन सर्विस सेंटर के रूप में विकसित किया जा रहा है। इन समितियों से किसानों को किराये पर ड्रोन की सुविधा मुहैया कराई जाएगी। मंडल में कुल 24 ब्लॉक व 13 तहसीलें हैं। यदि तहसील और ब्लॉक वार एक-एक ड्रोन मिला तो अगस्त माह में कुल 37 ड्रोन मिल जाएंगे। एक ड्रोन 20 लीटर लेकर उड़ सकता है।
बुंदेलखंड में किसान अभी पीठ वाली मशीन से करीब आठ घंटे में ढाई से तीन एकड़ फसल पर दवा का छिड़काव करते हैं। इसमें प्रति एकड़ 1600 से 1800 रुपये की लागत आती है। अब किसान एक ड्रोन से इतने ही समय में 28 से 30 एकड़ फसल में नैनो यूरिया, कीटनाशक दवाओं के साथ अन्य रासायनिक खाद का छिड़काव आसानी से कर सकेंगे। इसमें लागत प्रति एकड़ 750 से 800 रुपये के बीच आएगी। यानी ड्रोन से किसानों को 50 फीसदी से अधिक धन की बचत होगी। वहीं, समय भी कम लगेगा।
ऐसे तैयार हुआ प्लान
सहकारी समितियों की ओर से ड्रोन देने का एक प्लान तैयार किया गया है। इसके तहत प्रयास किया जा रहा है कि खरीफ की फसलों में होने वाला पहला छिड़काव ड्रोन से ही कराया जाए। इसके लिए पहले तहसील एवं ब्लॉकवार एक-एक समिति का चयन किया गया है। इसके बाद धीरे-धीरे अन्य समितियों में ड्रोन की सुविधा मुहैया कराई जाएगी।
इन फसलों पर छिड़काव रहेगा कारगर
ड्रोन से छिड़काव लंबाई वाली जैसे गन्ना, ज्वार, अरहर आदि में ज्यादा कारगर रहेगा। ड्रोन को किसानों को न्यूनतम किराये पर दिया जाएगा। इसके संचालन के लिए समिति के कर्मचारियों को प्रशिक्षित करेंगे। यदि कोई किसान इसे स्वयं चलाने का इच्छुक रहेगा तो ऐसे किसानों को भी ड्रोन संचालन का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
-------------------------------
जिला समितियां
बांदा 47
चित्रकूट 39
हमीरपुर 46
महोबा 42
वर्जन
सहकारी समितियों को कामन सर्विस सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा। समितियों में किसानों के लिए ड्रोन की सुविधा दिलाने के लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया है। चित्रकूट धाम मंडल में पहली बार समितियों में यह सुविधा दी जाएगी। - वीरेंद्र बाबू, उप निबंधक