Banda: Doctors absent, patients kept walking outside OPD
- फोटो : BANDA
अतर्रा। सीएचसी ओपीडी में बुधवार को सुबह 8:20 बजे से 8:55 बजे तक सीएचसी के ओपीडी कक्ष में डॉक्टर नहीं थे। जांच लैब कक्ष, इमरजेंसी कक्ष, डॉट्स कक्ष, टीवी कक्ष, दवा वितरण कक्ष, दंत कक्ष, आयुष कक्ष, एक्सरे रूम आदि विभागों में भी डॉक्टर व प्रभारी स्वास्थ्य कर्मियों की कुर्सियां खाली मिलीं।
लेखा-जोखा कार्यालय पर ताला लटकता रहा। आशा कार्यकर्ता व एएनएम लिपिक के इंतजार में बैठी रहीं। सीएचसी में तैनात बाबू नदारद मिले। टीकाकरण कर रही एएनएम भी समय से नहीं पहुंचीं। कई महिलाएं अपने बच्चों को टीका लगाने के लिए इधर-उधर टहलती रहीं।
कस्बे के बांदा रोड निवासी 70 वर्षीय बाबूलाल बुखार से पीड़ित हैं। वे बुधवार को सुबह से ही सीएचसी आ गए। यहां 40 मिनट तक ओपीडी कक्ष के बाहर बैठे रहे, लेकिन कोई डॉक्टर व कर्मी नहीं आए
दो साल के बच्चे का टीकाकरण कराने के लिए पत्नी सहित सीएचसी आए आजाद नगर निवासी रामबाबू ने बताया कि 8:10 बजे आ गए थे। करीब एक घंटे तक टीकाकरण करने वाली एएनएम ड्यूटी पर नहीं आईं। वे इधर-उधर टहलने के लिए मजबूर रहे।
सभी सीएचसी व पीएचसी के अधीक्षकों को निर्धारित ओपीडी के समय अस्पताल पहुंचने के निर्देश दिए हैं। गोपनीय निरीक्षण कराकर लापरवाह चिकित्सकों व कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। -डॉ. अनिल श्रीवास्तव, मुख्य चिकित्साधिकारी, बांदा।