रिपोर्ट दर्ज कराने कोतवाली आए मंडलीय प्रबंधक आलोका कुमार।
- फोटो : BANDA
बांदा। डांटने पर चतुर्थ श्रेणी कर्मी ने मंडलीय परियोजना प्रबंधक पर हमला कर दिया। गला दबाकर मारने की कोशिश की गई। अन्य कर्मियों के पकड़ने पर आरोपी भाग निकला। परियोजना प्रबंधक ने कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली।
मंडलीय कार्यक्रम प्रबंधन इकाई, चित्रकूटधाम मंडल के मंडलीय परियोजना प्रबंधक आलोक कुमार ने कोतवाली में दी तहरीर में कहा है कि गुरुवार को सुबह वह करीब 10:10 बजे कार्यालय पहुंचे। बाहर टेबल पर शराब की बोतलें पड़ी थीं। उनके कक्ष में चतुर्थ श्रेणी कर्मी पंकज अर्धनग्न अवस्था में लेटा था। उसे डांटा तो उसने हमला कर दिया।
आरोप लगाया कि गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। बाएं हाथ के अंगूठे में काट लिया। पकड़ने की कोशिश की तो भाग निकला। घटना के समय उनके साथ मंडलीय परिवार नियोजन व लॉजिस्टिक प्रबंधक अमृता राज, कार्यालय सहायक विनोद व वाहन चालक सुशील भी मौजूद थे।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक श्यामबाबू शुक्ला ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच की जा रही है। आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
परियोजना प्रबंधक आलोक कुमार ने बताया कि चतुर्थ श्रेणी कर्मी पंकज अक्सर शराब पीकर कार्यालय में अभद्रता करता है। इसकी शिकायत मिशन निदेशक/अधिशासी निदेशक (सिफ्सा/एनएचएम), लखनऊ से की गई। पंकज के स्थान पर दूसरे कर्मी की नियुक्ति का अनुरोध किया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन पर हुए हमले की जानकारी भी उच्चाधिकारियों को देकर आरोपी को हटाने की मांग करेंगे।