बांदा। नवाब टैंक में नहाते समय श्रद्धालु की डूबकर मौत हो गई। वह अपने चार साथियों के साथ पैदल चित्रकूट कामतानाथ दर्शन करने जा रहा था। परिजनों के मुताबिक युवक और उसके अन्य साथी तैरना नहीं जानते।
सीमावर्ती महोबा जनपद के श्रीनगर में मनोहर गंज निवासी सुरेंद्र कुमार गुप्ता का पुत्र अमित गुप्ता (24) सोमवार को घर से चित्रकूट के लिए पैदल निकला था। साथ में दोस्त लोकेंद्र, चुनमुन, शिवम व वेदांत भी थे। बुधवार को सुबह शहर के नरैनी रोड स्थित नवाब टैंक में नहाते समय अमित गहरे पानी में चला गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फायर ब्रिगेड कर्मियों की मदद से उसका शव बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चचेरे भाई हर्षवर्धन गुप्ता ने बताया कि अमित दो भाइयों में छोटा था। गांव में ही गल्ले की आढ़त किए था। नवाब टैंक से उसे बाहर निकालने में लगभग एक घंटे का समय लग गया।