खप्टिहा कलां (बांदा)। दोस्तों के साथ नहाते समय केन नदी में डूबे 17 वर्षीय किशोर का शव 24 घंटे बाद एसडीआरएफ टीम ने खोज निकाला। शव घटनास्थल से करीब 20 मीटर दूर चट्टान में फंसा मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पैलानी थाना क्षेत्र के पैलानी डेरा निवासी मुन्नीलाल श्रीवास का पुत्र राकेश दो साथियों धीरेंद्र श्रीवास और धीरज तिवारी के साथ शुक्रवार की सुबह क्योटरा घाट पर केन नदी में नहाने गया था। राकेश नदी में बहने लगा तो धीरेंद्र और धीरज ने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह गहरे पानी में समा गया।
गोताखोरों ने देर शाम तक उसकी खोजबीन की, लेकिन पता नहीं लग सका। एसडीएम लालसिंह यादव की सूचना पर शुक्रवार की शाम को इटावा से आठ सदस्यीय एसडीआरएफ टीम गई। घटनास्थल के इर्दगिर्द खोजबीन शुरू की, लेकिन रात हो जाने पर अभियान रोकना पड़ा।
शनिवार को सुबह एसडीआरएफ टीम ने फिर खोजबीन शुरू की। घटनास्थल से करीब 20 मीटर दूर चट्टान के आसपास शव फंसा होने की आशंका पर टीम ने स्टीमर बोट से उस स्थान के कई चक्कर लगाए। इससे पानी में उथल-पुथल हुई और कुछ ही देर में शव ऊपर आ गया। बेटे का शव देख मां ललिता बेहोश हो गईं। भाई कल्लू ने बताया कि राकेश नोएडा में रहकर पेंटिंग करता था। चार भाइयों में वह तीसरे नंबर का था।