बांदा। सौभाग्य योजना में निशुल्क कनेक्शन होने के बाद अब तक एक बार भी बिल जमा न करने वाले उपभोक्ताओं पर बिजली विभाग ने शिकंजा कसा है। नोटिस के बाद करीब 55,000 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए हैं।
चित्रकूटधाम मंडल में सौभाग्य योजना के 4.34 लाख उपभोक्ता हैं। इनमें 2,72,287 उपभोक्ता पर विभाग का 10 अरब से अधिक बकाया है। बिजली विभाग ने ऐसे उपभोक्ताओं पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है जिन्होंने कनेक्शन लेने के बाद एक बिल अदा नहीं किया, उनके कनेक्शन काटे जा रहे हैं।
विभाग ने नोटिस के बाद 55 हजार से अधिक उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए हैं। सर्वाधिक बांदा में 20,000, चित्रकूट में 15,000, महोबा में 11,000, हमीरपुर में 9,000 कनेक्शन काटे गए हैं।
विभाग का कहना है कि उपभोक्ताओं को आसान किस्तों में बिल जमा करने के लिए एक माह का मौका दिया गया था। इनमें 21,000 उपभोक्ताओं ने 410 करोड़ बकाया जमा किया है। इनके कनेक्शन पुन: जोड़ दिये गये हैं। विभाग का कहना है कि यह बकायेदारों के विरुद्ध वसूली अभियान जनवरी माह तक चलेगा। बकाया जमा न करने वालों के कनेक्शन काटे जाएंगे। वसूली के लिए आरसी जारी की जाएगी।
8,000 ने स्वेच्छा से कटवा दिए कनेक्शन
मंडल में सौभाग्य योजना के 8149 उपभोक्ताओं ने विभाग को 14 करोड़ 79 लाख बकाया जमा कर स्वेच्छा से कनेक्शन कटवा लिए हैं। बांदा में 1329 उपभोक्ताओं ने दो करोड़ 20 लाख, चित्रकूट में 1006 उपभोक्ताओं ने 80 लाख, महोबा में 3135 उपभोक्ताओं ने चार करोड़ 92 लाख व हमीरपुर में 2679 उपभोक्ताओं ने 6 करोड 86 लाख जमा कर कनेक्शन कटवा लिया। विभाग ने इनकी पीडी कर दी है।
सौभाग्य योजना के उपभोक्ताओं पर 10 अरब रुपये से अधिक बकाया है। बकाया जमा करने के लिए नोटिस दिया गया था। बकाया जमा न करने पर कनेक्शन काटे जा रहे हैं। अभियान निरंतर चलता रहेगा। -जेपीएन सिंह, अधीक्षण अभियंता चित्रकूटधाम मंडल।