बांदा। कान्वेंट स्कूल के शिक्षक का शव घर में फंदे से लटका मिला। परिजनों का कहना है कि एक साल से मानसिक रूप से अस्वस्थ थे। ग्वालियर और आगरा से इलाज चल रहा था।
मूलरूप से जखनी गांव निवासी संदीप पांडेय (28) पुत्र स्व. कामता प्रसाद पांडेय शहर के अलीगंज में किराये का कमरा लेकर रहते थे। पास स्थित कान्वेंट स्कूल में थे। इसके अलावा बच्चों को कोचिंग भी पढ़ाते थे।
रविवार की सुबह वह गांव पहुंचे और शाम को शव कमरे में फंदे पर लटका मिला। सूचना पर कुछ देर बाद आई पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
भाई सत्यम ने बताया कि घटना के वक्त संदीप घर में अकेले थे। वह मां सुनीता पांडेय का इलाज कराने शहर आया था। वापस घर पहुंचने पर घटना की जानकारी हुई। संदीप अविवाहित और दो भाइयों में बड़े थे।
बताया कि संदीप खुद सुबह प्लास्टिक की रस्सी खरीदकर लाए थे। अनहोनी की आशंका हुई तो मां को बताया। पूछने पर कपड़े फैलाने के लिए रस्सी लाने की बात कही थी।
पिछले माह भी की थी आत्महत्या की कोशिश
भाई सत्यम ने बताया कि करीब एक साल से संदीप बीमार थे। उसका ग्वालियर और आगरा में इलाज चल रहा था। इधर कुछ दिनों से ठीक था, लेकिन दो-तीन दिन से वह गुमसुम था।
यह भी बताया कि पिछले माह भी संदीप ने शहर स्थित किराये के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या की कोशिश की थी। लेकिन वहां रह रहे अन्य किरायेदारों ने देख लिया और बचा लिया था।