जेईई एडवांस के मेधावी अंश, सिद्धार्थ व प्रकृति के साथ राहुल चौहान।
- फोटो : BANDA
बांदा। बस कंडक्टर के बेटे सहित जिले के कई मेधावी बच्चों ने जेईई एडवांस में मेधा का परचम लहराया है। रविवार की सुबह परिणाम घोषित होने के साथ ही उन्हें शुभकामनाएं देने की होड़ मच गई। घर-परिवार में भी खुशी का आलम रहा। मेधावियों ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के साथ गुरुओं को दिया। एडवांस में सफलता हासिल करने वाले मेधावियों को आईआईटी में दाखिला मिलेगा।
सिविल लाइन निवासी बस कंडक्टर अनिल साहू के पुत्र अंश साहू ने जेईई एडवांस में सबसे ज्यादा अंक हासिल किए। कॉमन रैंक लिस्ट (सीआरएल) में 3803 और कैटेगरी (ओबीसी) में 703 रैंक हासिल की। जेईई मेंस पर्सेंटाइल में भी अंश ने 99.6 फीसदी अंक पाए थे।
दादा कृपाली प्रसाद साहू ने बताया कि अंश ने सेंट मेरीज हायर सेकेंडरी स्कूल में 10वीं में 90.2 और 12वीं में 90 फीसदी अंक हासिल किए थे। उसका सपना इंजीनियर बनने का है। मां शीतला साहू टीचर हैं।
इसी तरह छावनी निवासी संजय जैन के पुत्र सिद्धार्थ जैन ने सीआरएल में 6001 रैंक हासिल की है। जेईई मेंस पर्सेंटाइल 97.8 फीसदी रहा। सिद्धार्थ ने 10वीं में 94.8 व 12वीं में 95 फीसदी अंक पाए थे। सेंट मेरीज सीनियर सेकेंडरी स्कूल का छात्र था।
मां सुषमा जैन ने बताया कि सिद्धार्थ सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनना चाहते हैं। धीरज नगर की प्रकृति प्रजापति ने 2614 एससी रैंक पाई है। पिता शिव बदन प्रजापति व मां सुमन सिंह ने बेटी की सफलता पर खुशी जताई है।
माता-पिता का कहना है कि प्रकृति आईएएस बनना चाहती है। गुरु राहुल चौहान ने मेधावियों का मुंह मीठा किया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। बताया कि बाहर रहकर लाखों रुपये खर्च करने की बजाए मेधावियों में शहर में ही रहकर अध्ययन किया और सफलता पाई।
आयुष के साथ माता-पिता व गुरु।- फोटो : BANDA