फोटो 07 बीएनडीपी 11- जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर में स्ट्रेचर में घायल फर्नीचर व्यवसायी। संवाद
- फोटो : BANDA
बांदा। सड़क पर पैदल जा रहे फर्नीचर व्यवसायी को बोलेरो ने टक्कर मार दी। व्यापारी बोलेरो में फंस गया। चालक उसे करीब 15 मीटर तक घसीट ले गए। राहगीरों ने बोलेरो चालक को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। गंभीर रूप से घायल व्यापारी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के जरैली कोठी निवासी रब्बानी (25) फर्नीचर व्यवसायी है। शनिवार की शाम चार बजे घर से पैदल पुलिस लाइन रोड स्टेडियम के पीछे स्थित अपने लकड़ी के कारखाने पर जा रहा था। पुलिस लाइन तिराहे पर पीछे से आई तेज रफ्तार बोलेरो ने टक्कर मार दी। गिरने के बाद वह बोलेरो में फंस गया। चालक करीब 15 मीटर तक घसीट ले गया। हादसा होते देख राहगीरों ने शोर मचाकर बोलेरो को रोका और चालक को पकड़कर पुलिस को सूचना दी।
चौकी इंचार्ज सिविल लाइन धर्मेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और घायल व्यवसायी को जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने आरोपी चालक रोहित गिरी और उसमें सवार जयनारायण निवासी पैलानी को हिरासत में लेकर बोलेरो कब्जे में ले ली। चौकी इंचार्ज ने बताया कि आरोपी चालक बांदा में जवाहर नगर में रहता है। घायल व्यापारी की हालत गंभीर है।
गौरतलब हो कि बुधवार को बांदा कृषि विश्वविद्यालय की महिला क्लर्क को डंपर करीब साढ़े तीन किलोमीटर तक स्कूटी समेत घसीट ले गए थे। इससे आग लगने से महिला जिंदा जल गई थी।