बांदा। थाइलैंड में खेली जा रही एशिया बैडमिंटन अंडर-15 और अंडर-17 जूनियर चैंपियनशिप -2022 के सोमवार को हुए फाइनल में बांदा के खिलाड़ी मो. अर्श ने अपने साथी संस्कार सारस्वत के साथ मिलकर शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए देश के लिए सिल्वर मेडल जीता है।
अंडर-17 वर्ग में पुरुष डबल्स के फाइनल मुकाबले में मो. अर्श और संस्कार की जोड़ी का सामना चीन के प्रतिद्वंद्वी लाई पोयू और यी हाओ लिन की जोड़ी से हुआ। दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर में अर्श और संस्कार की जोड़ी गोल्ड जीतने से कुछ अंक से चूक गई, लेकिन शानदार प्रदर्शन की बदौलत सिल्वर मेडल जीत लिया।
अर्श और संस्कार की जोड़ी पहला सेट 13-21 से हार गई। इसके बाद दूसरे सेट में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए चीनी जोड़ी को 21-19 के स्कोर से पराजित किया। अलबत्ता यह भारतीय जोड़ी तीसरा सेट 22ं-24 के अंतर से हार कर सिल्वर मेडल पर थम गई।
महज 17 साल की उम्र में देश को सिल्वर मेडल और परिवार को शोहरत दिलाने वाला बैडमिंटन खिलाड़ी मो. अर्श अपने माता-पिता और परिवार की आंखों का तारा बन गया है।
सोमवार को थाइलैंड से आई खबर ने अर्श के बलखंडी नाका स्थित मकान में जश्न का माहौल बना दिया। पिता अशफाक अहमद (फ़ैशन टेलर), मां शाकरा खातून, दादा हाजी मो. अजीज और दादी हज्जिन शमसुन निशा बेटे की इस कामयाबी पर झूम उठे।
उनके खुशी के आंसू छलक आए। मिठाई खाने-खिलाने के साथ शुक्राने की नमाज अदा की। देर रात तक लोग अर्श के इस कुनबे को मुबारकबाद देने आते रहे। अर्श इकलौता बेटा है। बड़ी बहन रिमशा अशफ़ाक़ देहरादून में बी फार्मा कर रही है।