बांदा। वार्डों का आरक्षण जारी होने के बाद अध्यक्ष पद के आरक्षण को लेकर चल रहीं अटकलों पर सोमवार को विराम लग गया। जिले की कुल दो नगर पालिका और छह नगर पंचायतों में अध्यक्ष पद के लिए आरक्षण सूची जारी हो गई।
वर्ष 2017 में जो सीटें अनारक्षित थीं, अबकी वे आरक्षित हो गईं। दो सीट महिला के लिए आरक्षित की गई हैं। जिला मुख्यालय की बांदा नगर पालिका अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित की गई है, जबकि अतर्रा अनुसूचित जाति महिला के खाते में गई है।
नगर विकास विभाग (उत्तर प्रदेश शासन) के प्रमुख सचिव अमृत अभिजात और विशेष सचिव सुनील कुमार चौधरी द्वारा संयुक्त हस्ताक्षर से आरक्षण सूची जारी हुई है। वर्ष 2017 की अपेक्षा अबकी 2022 के आरक्षण में बड़ा फेरबदल हुआ है।
पिछली बार पांच सीटें अनारक्षित थीं। अबकी सिर्फ दो सीट होंगी। इसी तरह वर्ष 2017 में अनुसूचित जाति की महिला समेत तीन सीट थीं। अबकी एक सीट की कटौती हो गई। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जाति महिला को एक-एक सीट दी गई है।
पिछली बार पिछड़ा वर्ग के खाते में कोई सीट नहीं थी। लेकिन 2022 के जारी आरक्षण में चार सीट हिस्से में आई हैं। इनमें एक महिला के लिए आरक्षित है। जारी आरक्षण को लेकर शासन ने आपत्तियां मांगी हैं। आदेश में कहा है कि 12 दिसंबर की शाम 6 बजे तक आपत्तियां ली जा सकेंगी। इसके बाद आपत्तियों पर कोई सुनवाई नहीं होगी।
चार्ट
नगर पालिका और नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए जारी आरक्षण सूची
निकाय 2017 2022
नगर पालिका बांदा अनारक्षित अन्य पिछड़ा वर्ग
नगर पालिका अतर्रा अनारक्षित अनु.जाति महिला
नगर पंचायत बबेरू अनारक्षित अन्य पिछड़ा वर्ग
नगर पंचायत बिसंडा अनुसूचित जाति अनारक्षित
नगर पंचायत ओरन अनारक्षित अनुसूचित जाति
नगर पंचायत नरैनी अनुसूचित जाति अनारक्षित
नगर पंचायत तिंदवारी अनु.जाति महिला अन्य पिछड़ा वर्ग महिला
नगर पंचायत मटौंध अनारक्षित अन्य पिछड़ा वर्ग