बांदा। एक तरफ कोरोना के नए स्वरूप से जहां शासन-प्रशासन ने निपटने की तैयारियां शुरू कर दी हैं, दूसरी तरफ चित्रकूटधाम मंडल में अभी भी 3.62 लाख लोगों ने कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज नहीं लगवाई है। इनमें ज्यादातर 18 से 40 उम्र के लोग हैं। करीब 32 फीसदी लोगों ने ही सतर्कता डोज लगवाई है। कोरोना को लेकर हरकत में आया स्वास्थ्य विभाग वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित कर रहा है।
कोरोना के बढ़ते प्रकोप से निपटने के बंदोबस्त तेज कर दिए हैं। लोगों को मास्क लगाने, सोशल डिस्टेंसिंग (आपसी दूरी) और वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके बावजूद अभी भी तमाम ऐसे लोग हैं, जिन्होंने बूस्टर डोज तो दूर दूसरी डोज भी नहीं लगवाई है। कोरोना वैक्सीन चार चरणों में लगाई गई थी। पहले चरण में 60 से ऊपर उम्र वालों को, दूसरे में 18 से 40, तीसरे में 15 से 17 और चौथे चरण में 12 से 14 वर्ष उम्र के लोगों को वैक्सीन लगाई गई।
चित्रकूटधाम मंडल के चारों जिलों में 32 लाख 2 हजार 611 लोगों को वैक्सीन लगी। इनमें 3,62,298 ने अब तक दूसरी डोज नहीं लगवाई। दूसरी तरफ सतर्कता डोज भी सिर्फ 32 फीसदी लोगों ने लगवाई है। स्वास्थ्य विभाग दूसरी डोज और बूस्टर डोज लगवाने के लिए प्रेरित करने में जुटा है।
दूसरी डोज न लगवाने वालों की संख्या
जिला दूसरी डोज के शेष
बांदा- 117472
चित्रकूट- 64521
हमीरपुर- 101255
महोबा- 79050
योग- 362298
कोरोना से निपटने को तैयारियां जारी
सीएमओ डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि फिलहाल जिले में कोरोना का कोई सक्रिय केस नहीं है। कोरोना से अब तक जिले में 170 मरीजों की जान जा चुकी है। कोरोना से निपटने की तैयारियां जारी हैं। एल-1, एल-2 व एल-3 अस्पताल व आईसीसीसी इकाइयों को सक्रिय किया गया है। पॉजिटिव मिलने पर कांटेक्ट ट्रेसिंग की जाएगी। जांच का दायरा भी बढ़ाया जा रहा है।
दूसरे देशों में कोरोना को लेकर यहां भी एहतियात बरता जा रहा है। दूसरी डोज और सतर्कता डोज लगवाने के लिए लोगों को प्रेरित किया जा रहा है। मोबाइल पर मैसेज भी भेजे जा रहे हैं। घर-घर सर्वे में भी टीमें वैक्सीन लगवाने के लिए लोगों को जागरूक कर रही हैं। दूसरी डोज व सतर्कता डोज न लगवाने वालों में ज्यादातर प्रवासी लोग हैं। जो काम की तलाश में महानगर चले गए। -डॉ. वीपी द्विवेदी, अपर निदेशक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य)
चित्रकूटधाम मंडल, बांदा।